जबलपुर।नौतपा के पहले दिन जबलपुर में मौसम के मिजाज बेहद तल्ख रहे और सूर्यदेव के तीखे तेवरों के कारण लोग दिनभर हलाकान होते रहे। मौसम विज्ञान कार्यालय जबलपुर द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, जिला वर्तमान में भीषण गर्मी की चपेट में आ चुका है, जिसके कारण आने वाले दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज होने से रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। आगामी दिनों के मौसम को देखते हुए मौसम कार्यालय ने जबलपुर जिले में तीव्र ऊष्ण लहर यानी गंभीर लू चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।
तापमान के आंकड़े बढ़ा रहे हैं परेशानी
मौसम विज्ञान कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि 25 मई को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य मुकाबले +2 डिग्री ज्यादा है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 30.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, इसमें भी सामान्य से +2 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। हवा में नमी की बात करें तो अधिकतम आर्द्रता 039 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 019 प्रतिशत रही। इस सूखे और गर्म मौसम के बीच सोमवार को वर्षा का आंकड़ा 000.0 मिमी रहा, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 033.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गर्मी का प्रचंड रूप
यदि बीते वर्ष की मौसम स्थितियों से तुलना करें, तो इस बार नौतपा की शुरुआत बहुत ज्यादा गर्म रही है। गत वर्ष आज ही के दिन यानी 25 मई को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34.5 और 25.2 डिग्री सेल्सियस था, जो इस वर्ष के मुकाबले काफी कम था। पिछले वर्ष इस तिथि को 005.0 मिमी वर्षा हुई थी और सीजन की कुल वर्षा 018.8 मिमी थी। इस बार बारिश न होने और गर्म पश्चिमी हवाओं के 5-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के कारण मैदानी इलाकों में तपन काफी बढ़ गई है। आने वाले समय में तीव्र लू की संभावना को देखते हुए नागरिकों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
