मुंबई. भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार 25 मई को एक बार फिर शानदार तेजी दर्ज की. वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के कारण दोनों प्रमुख सूचकांकों में आज चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयानों से वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद जगी है. इस खबर के दम पर बाजार ने जमकर उछाल मारी.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,073.61 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 76,488.96 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 312.4 अंक यानी 1.32 प्रतिशत की बढ़त लेकर 24,031.7 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा. इस शानदार रिकवरी के साथ निफ्टी ने फिर से 24,000 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया है.
तेजी के प्रमुख कारण और रुपया मजबूत
बाजार में आई इस बड़ी तेजी की मुख्य वजह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढऩा है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ वार्ता सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है, जिससे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के शांत होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं. इस बयान से वैश्विक स्तर पर निवेशकों का जोखिम उठाने का हौसला बढ़ा है. भू-राजनीतिक मोर्चे पर राहत मिलने से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव कम हुआ, जिससे भारतीय मुद्रा (रुपया) भी 0.45 प्रतिशत मजबूत होकर 95.22 के स्तर पर बंद हुई.
सेक्टर्स और प्रमुख शेयरों का हाल
आज के कारोबार में बैंकिंग सेक्टर ने रैली की अगुवाई की. निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी बैंक सूचकांकों ने बाजार में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया. दूसरी तरफ आईटी, एफएमसीजी और हेल्थकेयर सेक्टर्स थोड़े सुस्त रहे, लेकिन वे भी बढ़त के साथ बंद हुए. दिग्गज शेयरों में अडानी एंटरप्राइजेज, आयशर मोटर्स, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस आज निफ्टी के टॉप गेनर्स में शामिल रहे.
