सतना. एमपी के सतना जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सतना-उचेहरा रेल खंड के तिघरा फाटक के पास एक तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना रविवार 3 मई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई, जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर तेंदुए का शव देखा और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया। उचेहरा रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन अमले की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सतना वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और मुकुंदपुर टाइगर सफारी की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग द्वारा अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
