जबलपुर. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल लग्जरी कार छोड़ साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। मंगलवार 12 मई को उनका वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई।
जानकारी के अनुसार जस्टिस डीडी बंसल करीब 3 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर सिविल लाइंस स्थित निवास से हाईकोर्ट पहुंचे। इस दौरान रास्ते भर लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हाईकोर्ट परिसर पहुंचने पर भी कर्मचारियों और आम लोगों ने उन्हें उत्सुकता से देखा।
सभी को साइकिल चलाकर पेट्रोल-डीजल बचाना चाहिए
मीडिया से बातचीत में जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि यह सोच गलत है कि हाईकोर्ट के जज साइकिल से नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सभी लोगों को साइकिल चलाकर पेट्रोल-डीजल की बचत करनी चाहिए। उन्होंने इसे पर्यावरण और देशहित से जुड़ा विषय बताया। जस्टिस बंसल ने बताया कि वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे हैं। इस दौरान हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों ने भी बैग और टिफिन लेकर साइकिल से आने-जाने की पहल की।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से फ्यूल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से कहा था कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करें तथा मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाएं, ताकि ऊर्जा की बचत हो सके और विदेशी मुद्रा पर पडऩे वाला दबाव कम किया जा सके।
3 किमी साइकिल चलाकर न्यायालय पहुंचे जज
जस्टिस डीडी बंसल ने करीब 3 किलोमीटर साइकिल चलाकर हाईकोर्ट जैसे ही पहुंचे तो लोगों की नजर थी कि बस उन पर ही टिकी रही। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि हाईकोर्ट जज होकर साइकिल से नहीं जा सकते, ऐसा सोचना गलत है, जहां तक संभव हो सब को साइकिल चलाकर तेल की बचत करनी चाहिए। मंगलवार को शहर की भीड़भाड़ के बीच जस्टिस डीडी बंसल सिविल लाइंस से लेकर हाई कोर्ट साइकिल चलाते हुए पहुंचे।
