बताया गया है कि भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तवके भतीजे को वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस ने हेलमेट न पहनने के कारण रोक लिया। इस दौरान बाबा श्रीवास्तव अधारताल से रानीताल अपनी बेटी को कोचिंग से लेने जा रहे थे। उन्होने देखा कि भतीजा पुलिस के बीच खड़ा है तो वे रुक गये। पूछताछ करने पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिना हैलमेट के वाहन चला रहा था, चालान कटने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा। पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यवाही में समय लग रहा था, इसलिए उन्होने अपने भतीजे को कहा कि वे बेटी को लेने चला जाए और चालानी कार्रवाई के लिए रुके रहते हैं। बाबा श्रीवास्तव के मुताबिक मौके पर मौजूद एएसआई उनके भतीजे को जाने नहीं दे रहा था, उल्टा उनकी बेटी को लेकर अपशब्द कहने लगा। जिसके चलते विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बाबा श्रीवास्तव के समर्थन में भाजपा पार्षद और कार्यकर्ता भी गोहलपुर थाना पहुंच गए और एएसआई को निलंबित करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। भाजपा पार्षद का कहना था कि पुलिस द्वारा अभद्रता की गई है, यदि एएसआई पर कार्यवाही नही की गई तो वे आत्महत्या कर लेगें। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।