khabar abhi tak

यमुना नदी में 9 लोगों से भरी नाव पलटी, 2 का शव मिला, 3 को बचाया-4 अभी भी लापता

हमीरपुर. यूपी के हमीरपुर में यमुना नदी में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास नौ लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। चार बच्चे अब भी लापता हैं। तेज बारिश और नदी की तेज धारा के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव निवासी देशराज निषाद के घर बुधवार को बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ रिश्तेदार गुरुवार को यमुना नदी पार कर तरबूज और खरबूज खाने के लिए दूसरी ओर गए थे। विष्णु निषाद अपनी पत्नी और सात बच्चों को नाव से नदी पार लेकर गए थे। वापसी के दौरान सभी लोग नाव में सवार होकर गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव जैसे ही नदी के बीच पहुंची, उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। हादसे के बाद नाव में सवार सभी लोग तेज धारा में बहने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में विष्णु निषाद और एक बच्चे ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सर्च अभियान के दौरान एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। चार बच्चे अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्ष्ठक्रस्न समेत अन्य बचाव दलों को भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन नदी किनारे अपनों की तलाश में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak