बताया गया है कि त्रिची तमिलनाडू निवासी मयूरन उम्र 9 वर्ष जबलपुर रिश्तेदारी में आया था। जो चाचा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बरगी डेम घूमने गया था, जहां पर वह हादसे का शिकार हो गया। आज सुबह 6 बजे के लगभग एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमों ने तलाश शुरु की, इस दौरान घटना स्थल से कुछ दूरी पर मयूरन का शव मिल गया। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मयूरन के बाद अब डेम के पानी में लापता हुए कामरान आर. की तलाश और तेज कर दी गई है। मयूरन कामराज का भतीजा था। इससे पहले बीती शाम 6 बजे के लगभग दो बच्चों के शव और मिल गए थे, जिनकी पहचान श्रीतमिल पिता कामराज उम्र 5 वर्ष व विराज पिता कृष्ण सोनी 5 वर्ष के रूप में हुई थी। गौरतलब है कि 30 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में डूब गया था। उसमें करीब 47 पर्यटक सवार थे, जबकि टिकट सिर्फ 29 लोगों की ही कटी थी। हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ था। उस वक्त हवा की रफ्तार करीब 74 किमी/घंटा थी।