आरबीएसके प्रबंधक सुभाष शुक्ला ने बताया कि बच्ची को दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। लगातार हालत बिगडऩे के बाद विशेषज्ञों ने जांच की, जिसमें गंभीर हृदय रोग की पुष्टि हुई। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी को पूरी जानकारी दी गई। बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल दस्तावेज तैयार कर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई।
8 दिन की बच्ची के दिल में जन्मजात छेद मिला-
जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि नवजात बच्ची जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त है। डॉक्टरों के अनुसार समय रहते इलाज नहीं मिलने पर स्थिति और गंभीर हो सकती थी। मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन से समन्वय कर बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट तैयार की गई। आरबीएसके प्रभारी सुभाष शुक्ला ने बताया कि बुधवार को बच्ची के परिजनों से संपर्क किया गया था। इसके बाद शहडोल जिले की आरबीएसके प्रबंधक कंचन पटेल और मुंबई के नारायणा अस्पताल से समन्वय स्थापित कर इलाज की पूरी प्रक्रिया शुरू कराई गई। आज सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्ची को एयर एम्बुलेंस से मुंबई रवाना किया गया।