khabar abhi tak

दिल्ली में आग ने कहर बरपाया, चार मंजिला इमारत में 8 लोगों की मौत, कई गंभीर घायल

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार (3 मई) की सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में 8 लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए. आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे दमकल विभाग को मिली. 

बताया जा रहा है कि आग बी-13 नाम की इमारत के दूसरे फ्लोर पर शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरे इमारत में फैल गई. आग और धुएं के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

मौत और घायलों की संख्या

इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें कुछ लोग जिंदा जल गए. वहीं 4 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सही आंकड़ा सामने आएगा. शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि टीम लगातार इमारत की तलाशी ले रही है. पुलिस, दमकल और स्थानीय प्रशासन की टीमें मिलकर हर फ्लोर की जांच कर रही हैं ताकि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए.

आग लगने की वजह की जांच

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग एसी में हुए विस्फोट की वजह से लगी हो सकती है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी आग के असली कारण का पता लगाने में जुटे हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak