khabar abhi tak

69 वर्षीय पूर्व सैनिक का शव कमरे में मिला संदिग्ध हालात में,सुसाइड नोट बना पहेली,महिला का नाम भी आया सामने

 


जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के कूडन गांव में 69 वर्षीय शिवकुमार श्रीवास्तव ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मूल रूप से भेड़ाघाट के निवासी शिवकुमार बीएसएफ से सेवानिवृत्त थे और पिछले 2 साल से अपने बेटे और बहू के साथ इसी गांव में रह रहे थे। बुधवार की सुबह जब उनका शव कमरे में लटका मिला तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

​सुसाइड नोट में लिखी यह बात

​मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में उन्होंने लिखा है कि वे अपनी जिंदगी के सफर से पूरी तरह थक और परेशान हो चुके हैं। उन्होंने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है और इसके लिए वे खुद जिम्मेदार हैं। उन्होंने पत्र में थाना प्रभारी से विशेष अपील की है कि उनकी मौत के मामले में किसी भी अन्य व्यक्ति को परेशान न किया जाए।

​मोबाइल ऑडियो ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

​सुसाइड नोट में भले ही किसी का नाम नहीं है, लेकिन उनके मोबाइल में मौजूद एक ऑडियो ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। इस ऑडियो में एक महिला शिवकुमार को धमकाते हुए कह रही है कि कितने दिन तक फोन बंद रखा जाएगा। महिला ने घर से निकालकर मारने और इतनी बेइज्जती करने की धमकी दी है जिससे उन्हें आत्महत्या करनी पड़े। यह ऑडियो शिवकुमार को मिल रही मानसिक प्रताड़ना की ओर इशारा करता है।

​परिजनों को सुबह मिली घटना की जानकारी

​परिजनों के अनुसार शिवकुमार ने मंगलवार रात को परिवार के साथ खाना खाया था और अपने कमरे में चले गए थे। बुधवार की सुबह जब वे नियमित टहलने के लिए बाहर नहीं निकले तो बेटे और बहू ने दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज न आने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस अब महिला की पहचान करने और कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak