दमोह. एमपी के दमोह में नाका टोल बैरियर पर मंगलवार 19 मई की देर रात टोल शुल्क को लेकर विवाद हो गया। बदमाशों ने तोडफ़ोड़ और मारपीट की भी। इस दौरान दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कर्मचारियों ने टोल से पैसों की लूट का भी आरोप लगाया है।
बदमाशों ने टोल पर लगी लाखों रुपए की मशीनों और कंप्यूटरों में तोडफ़ोड़ की। पूरी घटना टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें 6 से अधिक बदमाश मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट
जानकारी के अनुसार, दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर कोरासा गांव के आगे यह टोल नाका संचालित होता है। बताया गया है कि सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी मुकेश यादव अपने साथियों के साथ टोल नाके पर पहुंचा था। यहां टोल शुल्क के भुगतान को लेकर उसका कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश यादव और उसके साथ कार में मौजूद करीब 6 से अधिक लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
15 हजार रुपए लूट कर भागे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस टोल बैरियर पहुंची और अन्य कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घायल कर्मचारी धीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि गढ़ाकोटा के कुछ लोग कार से टोल पर आए थे। पैसे मांगे जिसको लेकर कहा सुनी हुई। 6 से अधिक लोगों ने टोल नाका पर तोडफ़ोड़ कर दी और हमारे साथ मारपीट भी की गई है। उस दौरान टोल नाके पर करीब 10 से अधिक कर्मचारी भी मौजूद थे जिन्होंने पूरी घटना देखी है। टोल पर करीब 15 हजार रुपए रखे थे जो आरोपी लूट कर ले गए हैं।
आरोपियों की तलाश में टीम रवाना हुई
घटना की जानकारी लगते ही देहात थाना टीआई अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी मौके पर पहुंचे। टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में जांच शुरू कर दी है। उधर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि रात में जानकारी लगी थी कि टोल नाके पर कुछ विवाद हुआ है। जिसमें दो कर्मचारी घायल हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लूट की घटना करते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं। वह केवल तोडफ़ोड़ कर रहे हैं। फिर भी वहां लगे सभी सीसीटीवी फुटेज जांचे जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में टीम रवाना की गई है।
