khabar abhi tak

अपडेट : पन्ना में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन कुआं धंसने से 5 मजदूरों की मौत, 3 मृतक एक ही परिवार के

पन्ना. मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र से हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। जहां खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक कुआं धंस गया। हादसे में पांच मजदूरों की दबने से मौत हो गई। सभी मजदूरों के शव निकाल लिए गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन भी खत्म हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन लोग (दो भाई, एक भतीजा) शामिल हैं। 

दो स्तर पर लापरवाही सामने आई

मामले में दो स्तर पर लापरवाही सामने आई है। एक गांव के सरपंच ने ज्यादा मजदूरी को लालच देकर मजदूरों को खतरनाक कुआं खोदने के लिए उतारा। जिससे वे जान गंवा बैठे। दूसरे हादसे के तीन घंटे बाद जिला प्रशासन जागा। जिससे रेस्क्यू समय से नहीं हो सका। 

शुरुआत में ग्रामीणों ने ही 2 मजदूरों के शव निकाले

घटना अजयगढ़ थाना क्षेत्र के कडऱहा गांव की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के करीब 3 घंटे बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शुरुआत में ग्रामीणों ने ही अपने स्तर पर रेस्क्यू कर दो मजदूरों के शव निकाल लिए गए थे। बाद में  बाकी तीन मजदूरों के शव निकाले गए। बताया जा रहा है कि मजदूर खेत के पुराने कुएं की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंसने से पूरा कुआं भर गया और मजदूर अंदर फंस गए। प्रशासन जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है।

 2 मजदूर ऊपर आए और ढह गया कुआं

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नयापुरवा निवासी बिन्नू अहिरवार के खेत पर लगभग 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई का काम कर रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर निकलकर ऊपर आए ही थे। उनके ऊपर पहुंचते ही कुएं की कमजोर और गीली मिट्टी अचानक भरभरा कर ढह गई।

3 घंटे बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

दबे मजदूरों में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल और रामपाल यादव हैं। पुलिस को सूचना के साथ ही ग्रामीणों ने राजकुमार यादव और चुनवाद पाल के शव बाहर निकाल लिए हैं। घटना के करीब 3 घंटे बाद पुलिस प्रशासन की जागा और टीम मौके पर पहुंची।

कुआं खतरनाक, सरपंच ने जबरन कराया काम

मृतक मजदूर के परिजन ने बताया कि यह कुआं पिछले साल की खुदाई और पानी की वजह से पहले से ही कटा हुआ और खतरनाक था। कोई भी मजदूर वहां काम करने को तैयार नहीं था। आरोप है कि इसके बावजूद ग्राम प्रधान ने जबरन काम कराया। परिजन का आरोप है कि सरपंच को पहले से ही पता था कि यहां करना खतरनाक है। इसलिए उसने मजदूरों को दिहाड़ी ज्यादा देने का लालच दिया। उसने बुलाकर कहा, सामान्य मजदूरी (350 रुपए) है। हम तुम्हें 500 रुपए दिहाड़ी देंगे। गरीब मजदूर लालच में आ गए और जान गंवा  बैठे।

तीन लोग एक ही परिवार के

हादसे का शिकार हुए 3 लोग एक ही परिवार के हैं। युवक के मुताबिक, कुएं के मलबे में दबे 5 लोगों में उसके पिता, चाचा, चचेरा भाई शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak