khabar abhi tak

डंपर की टक्कर से पलटकर गढ्डे में गिरा पिकअप वाहन, एक की मौत, 4 घायल, गुस्साए लोगों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

 

जबलपुर। जबलपुर के बरगी से लगेघंसौर स्थित ग्राम रुपदोंन में एक तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप को टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने दोपहर तीन बजे के लगभग शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। 

                               बताया गया है कि पिकअप वाहन में सवार लोग अतरिया ग्राम से घंसौर की ओर जा रहे थे। इस दौरान रूपदोंन गांव में सामने से आए डंपर वाहन ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए पहुंचे।  स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस घायलों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर लेकर पहुंची। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद संतोष काकोडिया उम्र 20 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल उइके 26 वर्ष, सतेंद्र आर्मो 21 वर्ष, हिमेश आर्मो 23 वर्ष व शैलेंद्र की हालत को देखते हुए भरती कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर तीन बजे के लगभग परिजनों को शव सौंप दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया, जिससे जाम के हालात निर्मित हो गए। लोगों ने मृतक के परिजनों के लिए मुआवजा की मांग की गई। लोगों का कहना था कि डंपर वाहन झाबुआ पावर प्लांट में इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रदर्शन  के चलते करीब दो घंटे तक मार्ग बंद रहा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak