भोपाल. भीषण गर्मी से देश के कुछ हिस्सों में राहत भरी खबर मौसम विभाग (आईएमडी) ने दी है. उसके मुताबिक देश में मॉनसून समय से पहले दस्तक दे रहा है. अल नीनो के प्रभाव के बावजूद मॉनसून की एंट्री समय से पहले हो रही है. अगले 48 घंटों के अंदर मॉनसून केरल में एंट्री ले सकता है. आमतौर पर केरल पहुंचने के बाद मध्य प्रदेश में मॉनसून 14-15 दिनों बाद पहुंचता है.
भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, मॉनसून के आगे बढऩे के लिए पूरी तरह से अनुकूल माहौल है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 26 मई को केरल में मॉनसून की एंट्री हो सकती है इसमें 4 दिन मॉडल एरर माना जाता है. यानी मॉनसून आने की तारीख और मॉनसून पहुंचने की असल स्थिति में भिन्नता भी हो सकती है. वहीं, मौसम विभाग ने केरल के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर दिया है. यहां भारी बारिश के साथ मॉनूसन एंट्री कर सकता है.
ऐसे माना जाता है कि मॉनसून आ गया
स्कायमेट के मुताबिक, मॉनसून के आगमन की पुष्टि करने का एक पैमाना है. उदाहरण के तौर पर, केरल में कुल 16 स्टेशन बनाए गए हैं, जो बारिश रिकॉर्ड करते हैं. जब इन 16 स्टेशनों में से 60 प्रतिशत स्टेशनों पर 2.5 एमएम से अधिक बारिश लगातार दो दिनों तक होती है, तो मान लिया जाता है कि मॉनसून का आगमन हो गया है. हालांकि, बारिश के पैटर्न के साथ पश्चिमी हवाओं के पैटर्न को भी रिकॉर्ड में लिया जाता है. हवाओं का एक तय रुख भी दर्शाता है कि मॉनसून का आगमन हो गया है.
