जबलपुर। जबलपुर से सिवनी के लिए रवाना हुई पिकअप गाड़ी लखनादौन में आज दोपहर दो बजे के लगभग ट्रैक्टर से टकराकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, वहीं दो युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। इसके अलावा पिकअप में लोड 12 बकरियां भी मारी गई है। पुलिस के अनुसार बकरियों से भरा पिकअप वाहन जबलपुर से धूमा होते हुए बंडोल सिवनी जाने निकला। जब पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चौथा पुल से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराकर खेत में जाकर पलट गया। भिडं़त इतनी जोरों से हुई कि पिकअप के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बंडोल क्षेत्र के जुरतरा निवासी बालक राम पिता मूलचंद राठौर उम्र 50 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका पुत्र कार्तिक राठौर 27 वर्ष व बंडोल निवासी शिवकुमार बंजारा 32 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में पिकअप में लदी लगभग एक दर्जन बकरियों की भी मौत हो गई।
Tags
jabalpur