बताया गया है कि भौड़ी निवासी सीताराम यादव मोटर साइकल से शाम 5.30 बजे के लगभग अपने घर जा रहा था। जब वह पाटन से तेंदूखेड़ा की ओर बढ़ रहा था, इस दौरान तेंदूखेड़ा की ओर से आई कार के चालक ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार सीताराम उछलकर सामने की ओर गिरा, दुर्घटना होते देख राह चलते लोग पहुंच गए, वहीं आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्हे देख कार छोड़कर सवार युवक भाग निकले। स्थानीय लोगों ने जाकर देखा तो कार के अंदर शराब की पेटियां रखी मिली। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची तेंदूखेड़ा पुलिस ने कार को जब्त करते हुए करीब 34 पेटी शराब जब्त कर फरार हुए अवैध कारोबारियों की तलाश शुरु कर दी है। मौके पर पहुंचे भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने क्षेत्र में लगातार अवैध शराब परिवहन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने स्थानीय विधायक और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह से क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।