जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित 31 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का पाण्डुताल मैदान में शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक व केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एफके मेश्राम ने किया। इस अवसर पर उद्घाटन समारोह में परिषद के पदाधिकारी महेश चंद बालोधी, आलोक श्रीवास्तव, देवेन्द्र चढ़ोकर और दीपक निगम उपस्थित रहे।
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एफके मेश्राम ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल का प्रशिक्षण देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करना है। उन्होंने बताया कि इस शिविर का एक प्रमुख उद्देश्य सामाजिक सरोकार भी है, जिसके तहत विद्युत परिवार के अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बच्चे भी खेल सीख रहे हैं। वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी अनिल शर्मा ने शिविर में शामिल बच्चों को खेल भावना, अनुशासन, समय की पाबंदी और प्रशिक्षकों के सम्मान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जयंत वामन खारपाटे ने किया।
13 खेलों का होगा प्रशिक्षण
यह शिविर शहर का सबसे बड़ा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम बन गया है, जिसमें विद्युत कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों के साथ अन्य बच्चे भी भाग ले रहे हैं। शिविर में 13 खेलों क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, शरीर सौष्ठव या फिजिकल फिटनेस, ताइक्वांडो, शूटिंग, एरोबिक्स, स्केटिंग और योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करने के लिए परिषद के वरिष्ठ खिलाड़ी और अनुभवी प्रशिक्षक अपनी सेवाएं देंगे।
