पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शातिर चोरों ने पूछताछ में गाडरवारा क्षेत्र में हुई सात चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आनंद विहार कॉलोनी में एक सूने मकान से सोने के जेवर चोरी होने के मामले की जांच के दौरान एक आरोपी को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। आरोपी की पहचान सागर निवासी राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने करेली, सिहोरा और गाडरवारा क्षेत्र में कई अन्य चोरियां करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर झाडिय़ों में छिपाया गया चोरी का सामान बरामद किया गया। इसमें सोने के कंगन, हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठियां और चांदी की पायल व 200 अंगूठियां शामिल हैं। गाडरवारा थाना क्षेत्र से कुल लगभग 17 लाख रुपये का चोरी का माल जब्त किया गया है। राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे के खिलाफ सागर और नरसिंहपुर जिले के विभिन्न थानों में गृहभेदन, वाहन चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं। इसी तरह पुलिस ने बरमानकला के हनुमान मंदिर और ग्राम लोलरी के एक सूने मकान में हुई चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने सुंदर जाटव, टीकाराम चौधरी को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का छत्र, मुकुट, सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जबलपुर सहित इन जिलों में की है चोरी की वारदातें-
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुंदर जाटव एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ नरसिंहपुर के अलावा जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भी नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।