khabar abhi tak

रेलवे ब्रिज के पास अतिक्रमण पर चला निगम का पंजा, 20 हजार का लगाया दंड



जबलपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सार्वजनिक स्थानों को कब्जे से मुक्त कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के आदेश पर अतिक्रमण शाखा ने गौरीघाट क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान रेलवे ब्रिज के समीप सड़क किनारे जमा की गई अवैध रेत और गिट्टी के ढेरों को हटाया गया। लंबे समय से इस मार्ग पर निर्माण सामग्री के जमा होने के कारण राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

व्यापारी पर लगाया जुर्माना, सामग्री की गई जब्त

​सहायक अतिक्रमण अधिकारी दीपेन्द्र रावत ने बताया कि गौरीघाट रोड पर व्यापारी शरद यादव द्वारा अवैध रूप से व्यापारिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। रेलवे ब्रिज के पास सरकारी जमीन पर भारी मात्रा में रेत और गिट्टी का स्टॉक कर उसे बेचा जा रहा था। इस कब्जे की वजह से सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर न सिर्फ सामग्री हटाई बल्कि व्यापार में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और अन्य सामान को भी राजसात कर लिया। निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित व्यापारी पर 20 हजार रुपये का नकद जुर्माना भी लगाया है।

पुलिस और निगम की संयुक्त कार्रवाई से हटा कब्जा

​इस पूरी मुहिम को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए नगर निगम के अमले ने पुलिस बल और रेलवे पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। संयुक्त टीम के मौके पर पहुँचने से किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति नहीं बनी। अधिकारियों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के अवैध भंडारण से दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों को व्यापारिक स्वार्थ के लिए उपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak