khabar abhi tak

रेलवे ने लोगो में किया बदलाव : चिन्ह में अब 17 की जगह होंगे 18 सितारे, 1 जून से नया जोन बनते ही होगा प्रभावी

जबलपुर. भारतीय रेलवे ने अपने आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए नया लोगो जारी किया है। अब रेलवे के लोगो में 17 के बजाय 18 सितारे नजर आएंगे। रेलवे बोर्ड ने 1 जून से भारतीय रेलवे के सभी उपक्रमों, स्टेशनों और कार्यालयों में इस नए लोगो को अपनाने के निर्देश जारी किए हैं। यह बदलाव देश में एक नया रेल जोन बनने के कारण किया जा रहा है.

रेलवे के लोगो में मौजूद सितारे उसके विभिन्न क्षेत्रीय रेल का प्रतिनिधित्व करते हैं। हाल ही में भारतीय रेलवे ने दक्षिण तट रेलवे को 18वें क्षेत्रीय रेलवे के रूप में गठित किया है। नया जोन दक्षिण तट रेलवे का मुख्यालय विशाखापत्तनम में होगा। यह नया जोन 1 जून, 2026 से आधिकारिक रूप से कार्य करना शुरू कर देगा, जिसके साथ ही नया लोगो भी प्रभावी हो जाएगा।

1 जून से बदलेगी पहचान

रेलवे प्रशासन ने सभी मंडलों और जोन्स को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्टेशनों की बिल्डिंग्स, ट्रेनों के कोच, आधिकारिक दस्तावेजों और सोशल मीडिया हैंडल्स पर पुराने लोगो को हटाकर नया 18 सितारों वाला लोगो लगाया जाए। सभी रेलवे उपक्रमों (जैसे आईआरसीटीसी, आरवीएनएल आदि) को भी इस नए बदलाव को आत्मसात करने के लिए कहा गया है।

रेलवे का ये है कहना

रेलवे के विस्तार और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। 18वें जोन के गठन से दक्षिण भारत के रेल नेटवर्क में सुधार और संचालन में और अधिक गति आने की उम्मीद है। 1 जून से भारतीय रेलवे की एक नई और अपडेटेड पहचान पूरे देश के सामने होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak