khabar abhi tak

एमपी : कटनी में गिरे ओले, सागर-दमोह में तेज आंधी का अलर्ट, 11 जिलों में बारिश की चेतावनी

भोपाल. एमपी में शुक्रवार 15 मई के दिनभर भीषण गर्मी पडऩे के बाद शाम में मौसम बदल गया। कटनी में तेज आंधी और हवाओं के साथ ओले गिरे। वहीं उमरिया में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे खरीदी केंद्रों में रखा गेहूं भीग गया। डिंडौरी के मेहदवानी और शहपुरा क्षेत्र में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं जबलपुर में शाम होते-होते बादल छा गये.

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान सागर और दमोह में आकाशीय बिजली चमकने-गिरने और तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, शहडोल, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, विदिशा, रायसेन और पन्ना में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। यहां हल्की बारिश भी हो सकती है।

खंडवा में तापमान सबसे ज्यादा 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, शाजापुर में 44.6 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री, रतलाम-नौगांव में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 42.8 डिग्री, इंदौर में 41.8 डिग्री, ग्वालियर में 40.9 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शाजापुर-नौगांव सबसे गर्म

इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना रहा। शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहर प्रदेश में सबसे गर्म रहे। वहीं, 9 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। शाजापुर-नौगांव के बाद खरगोन में पारा 44.6 डिग्री, खंडवा-रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री, रायसेन-दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak