ग्वालियर. एमपी के ग्वालियर नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के घासमंडी मिर्जापुर मस्जिद क्षेत्र की पानी टंकी में एक मरा हुआ सांप निकला है। जिसके बाद क्षेत्र के एक युवक ने लकड़ी की मदद से टंकी से मरा सांप निकाला। शिकायत के बाद भी नगर सरकार की गंभीर नजर नहीं आ रही है। अब तक निगम से कोई भी सफाई के लिए नहीं पहुंचा है।
वार्ड पार्षद शकी मंसूरी के मुताबिक, जिस टंकी में मरा हुआ सांप निकला है, उस टंकी का पानी का सप्लाई 7 से 10 हजार परिवारों में किया जाता है। यह लगभग पूरा मुस्लिम बहुल क्षेत्र है। एक मारपीट की घटना के बाद से पार्षद घायल अवस्था में करीब तीन दिन से अस्पताल में भर्ती हैं।
पानी में दो-तीन दिन से आ रही थी बदबू
क्षेत्रवासियों के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिन से पानी से बदबू आ रही थी। जिसके बाद क्षेत्र के कुछ युवकों ने पानी की टंकी देखी, जिसमें एक मरा हुआ सांप निकला है। यह खबर फैलने के बाद से परिवारों में डर का माहौल है। यहां के लोग अब कैन का पानी पीने का मजबूतर हो गए हैं।
नाले से सटी टंकी के आसपास भारी गंदगी
रहवासियों का कहना है कि यहां लंबे समय से पानी की टंकी की सफाई नहीं हो रही है। यह टंकी नाले से सटी हुई है, जहां से सांप टंकी में उतरा होगा। टंकी के आसपास भी भारी गंदगी है। जिससे निगम की सफाई व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
