डिंडौरी। एमपी के डिंडौरी में बुधवार 29 अप्रैल की रात चल रहे एक विवाह कार्यक्रम के दौरान उस समय जमकर विवाद व अफरा तफरी मच गई, जब दूल्हे की प्रेमिका वरमाला कार्यक्रम के ठीक पहले आ धमकी और मंच पर चढ़ गई। प्रेमिका ने जमकर हंगामा मचाई. इस बात से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे के साथ प्रेमिका की भी जमकर पिटाई की। इस पिटाई से दूल्हा मनीष कुमार बेहोश हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराते हुए, दूल्हा और उसकी प्रेमिका को अपने साथ कोतवाली ले गई। प्रेमिका ने आरोप लगाया कि उसने अपने प्रेमी मनीष कुमार को विवाह के पहले अंतिम बार मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। इसीलिए वह शादी कार्यक्रम में पहुंच गई। बताया गया कि ग्राम भैंसवाही से बारात जिला मुख्यालय आई थी। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
शादी की रस्मों के बीच मचा बवाल
बताया जाता है कि भैंसवाही गांव निवासी दूल्हा मनीष अपनी बारात लेकर शहर स्थित जलाराम पेट्रोल पंप के सामने इमली कूटी पहुंचा था। जहां शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान अचानक उसकी कथित प्रेमिका मौके पर पहुंच गई और उसने दूल्हे पर धोखा देने के गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बाराती और घराती आक्रोशित हो गए, शुरू हो गई मार पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेमिका के आरोपों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और वहां मौजूद बाराती व घराती आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने दूल्हे मनीष और उसकी प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान शादी स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और समारोह में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
