सतना। सतना के क्रिस्टकुला चौराहा में देर रात करीब 12 बजे बारात के बीच से वाहन निकालने के विवाद में एक युवक राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी को गोली मार दी गई। पैर में गोली लगने से युवक वहीं पर गिर गया, जिससे बारात में भी अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय में पहुंचाया, जहां पर युवक की हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि क्रिस्टकुला स्कूल से एक बारात मिलन मैरिज गार्डन की ओर रवाना हुई। पूरी बारात सड़क के बीच में चल रही थी। इसी दौरान जवाहर निवासी राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी उम्र 24 वर्ष अपने एक साथी के साथ वहां से गुजर रहा था। अपने वाहन को निकालने के लिए राहुल ने बारातियों को किनारे हटने को कहा था। रास्ता मांगने की बात पर राहुल का बारातियों में शामिल कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। कहासुनी का मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ में से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली सीधा राहुल के पैर में जाकर लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।