पुलिस के अनुसार जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक निवासी शरद पटेल लम्बे समय से लटकारी का पड़ाव में सब्जी का कारोबार कर रहा है। यहां पर रहने वाले दो बदमाश डुग्गू उर्फ पिं्रस रैकवार तथा क्रिस उर्फ किस्सू ठाकुर के साथ किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही है। दोनों ही बदमाश हर वक्त शरद से बदला लेने की फिराक में रहते थे। बीती रात 11 बजे के लगभग शरद घर से पड़ाव अपने परिचितों के पास पहुंचा। जहां पर वह बातचीत कर रहा था। इस दौरान डुग्गू व क्रिस पहुंच गए, जिन्होने शरद को देखा तो गाली गलौज करने लगे। शरद द्वारा विरोध करने पर दोनों बदमाशों ने चाकू निकालकर शरद पर दनादन वार किए, हमले में शरद की गर्दन व पेट में गंभीर चोटें आई। यहां तक कि शरद की अतडिय़ां बाहर आ गई। शरद पर हमला होते देख आसपास के लोग घरों बाहर आ गए, खबर मिलते ही परिजन भी पहुंच गए, जिनकी सूचना पर आई पुलिस ने खून से लथपथ शरद को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल में शरद की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है, पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।