जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर एवं आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। ट्रेन से महिला यात्री का पर्स चोरी कर भाग रहा था, जिसे पकड़े जाने के डर से वह सिहोरा के तालाब में कूद गया, किंतु स्टाफ भी उसके पीछे-पीछे तालाब में कूदा और उसे पकड़ लिया.
घटना के संबंध में आरपीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक प्रात: लगभग 04:50 बजे सिहोरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जबलपुर की ड्यूटी टीम द्वारा ट्रेन संख्या 11753 से एक संदिग्ध व्यक्ति को प्लेटफॉर्म के विपरीत दिशा से उतरकर भागने का प्रयास करते हुए देखा गया। आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए उसका पीछा किया। गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी पास के स्थानीय बाजार क्षेत्र स्थित तालाब में कूद गया। आरपीएफ स्टाफ ने भी बिना समय गंवाए स्थानीय पुलिस की सहायता से गोताखोरों की व्यवस्था कर समन्वित प्रयासों के माध्यम से आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालकर पुन: स्टेशन लाया। जहां से आरोपी ने पुन: भागने का प्रयास किया, किन्तु कर्मियों ने साहस, पेशेवर दक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए हल्की चोटें आने के बावजूद उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभ में आरोपी द्वारा अपनी पहचान छिपाने एवं भ्रामक जानकारी देने का प्रयास किया गया, किन्तु आरपीएफ की सूझबूझ, तकनीकी जांच एवं पूछताछ के आधार पर वर्ष 2018 के एक अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित फोटो से मिलान कर उसकी पहचान हरविंदर सिंह, पिता- सुरिंदर सिंह, आयु 32 वर्ष, निवासी मोहल्ला खेड़ा, वार्ड नं. 24, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई ।
अपराध का विवरण
उक्त आरोपी को ट्रेन संख्या 11753 में एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने के प्रयास के बाद सिहोरा रेलवे स्टेशन पर भागते समय गिरफ्तार किया गया।
निकला अंतरराज्यीय अपराधी, कई राज्यों में है आपराधिक पृष्ठभूमि
सत्यापन में यह पाया गया कि आरोपी एक अंतर्राज्यीय शातिर एवं आदतन अपराधी है, जो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में धारा 379/411 आईपीसी के अंतर्गत कई मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के विरुद्ध भोपाल, इटारसी, उज्जैन, इगतपुरी, राजगढ़, पुणे, मुंबई, विशाखापट्टनम एवं गुडीवाड़ा सहित विभिन्न जीआरपी/थानों में अनेक मामले दर्ज हैं। साथ ही, इसके विरुद्ध कई लंबित एवं फरार वारंट भी पाए गए हैं।
अपराध की कार्यप्रणाली
आरोपी अत्यंत चालाक एवं खतरनाक प्रवृत्ति का है, जो पहचान छिपाने के लिए किसी प्रकार का पहचान पत्र साथ नहीं रखता तथा बार-बार सिम कार्ड बदलकर ट्रैकिंग से बचने का प्रयास करता है। यह मुख्यत: ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता है। आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है साथ ही संबंधित जीआरपी इकाइयों को सूचित कर दिया गया है। इगतपुरी, भोपाल एवं इटारसी से आरोपी के विरुद्ध वारंट की पुष्टि प्राप्त हुई है। आरोपी को दिनांक 08 अप्रैल 2026 को माननीय रेल न्यायालय जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
सराहनीय योगदान
इस सफल कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक राजीव खरब, उप निरीक्षक श्री अरविंद, कांस्टेबल विनय मौर्य, कांस्टेबल आशीष यादव का विशेष योगदान रहा।
