बताया गया है कि आमिर कोनी गांव में रहने वाले युवक मनोज साकेत ने चार माह पहले ही दूसरी शादी की थी, शादी के बाद से ही सौतेली मां द्वारा बच्चों के साथ मारपीट की जाती रही। पिछले दिन भी सौतेली मां ने बेटी रागिनी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबियत बिगड़ी और तेज बुखार आ गया। मनोज घर पहुंचे तो रागिनी की हालत को देखते हुए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर बेटी रागिनी को जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे भाई रावेंद्र साकेत ने भी आरोप लगाया कि सौतेली मां रोज प्रताडि़त करती थी। बच्ची की दादी गोमती साकेत ने भी सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नातिन के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। वह पानी मांगती रही, लेकिन उसे पानी तक नहीं दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।