khabar abhi tak

एमपी : दुखद हादसा, शादी के दूसरे ही दिन दूल्हा-दुल्हन के साथ मां और भाभी की भी हो गई मौत

शिवपुरी. एमपी के शिवपुरी जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है यहां एक दर्दनाक हादसे में शादी के दूसरे ही दिन दूल्हा-दुल्हन की मौत हो गई। दूल्हे की मां व भाभी की भी हादसे में मौत हुई है जिसके कारण पूरा परिवार बिखर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास की है जहां सड़क किनारे खड़े ऑटो पर मुर्गी दाने से भरा ट्रक पलट गया।

एक दिन पहले हुई थी शादी

तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव के रहने वाले 25 वर्षीय वीरेन्द्र शाक्य की एक दिन पहले शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य के साथ मंदिर में परिवार की मौजूदगी में शादी हुई थी। शादी के दूसरे दिन दूल्हा वीरेन्द्र शाक्य अपनी दुल्हन राजेश्वरी को मां अन्वेश शाक्य, भाभी राजो शाक्य व बहन भूरिया शाक्य के ऑटो से राजगढ़ गांव ला रहा था।

ऑटो पर पलटा मुर्गी दाने से भरा ट्रक

ऑटो जब टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तभी दूल्हे वीरेन्द्र शाक्य की बहन ने ऑटो रुकवाया और कोई सामान लेने के लिए रोड किनारे स्थित दुकान पर चली गई। दूल्हा वीरेन्द्र दुल्हन राजेश्वरी, मां और भाभी व ऑटो ड्राइवर ऑटो में ही बैठे हुए थे तभी मुर्गी दाने से भरा एक ट्रक ऑटो के बिलकुल नजदीक से पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ रहा था। मुड़ते वक्त ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया। ऑटो पर ट्रक के पलटते ही चीख पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़े।

दूल्हा-दुल्हन के साथ मां-भाभी की मौत

ट्रक पलटने से ऑटो पूरी तरह से उसकी चपेट में आ गया। हादसे में दूल्हे वीरेन्द्र शाक्य, दुल्हन राजेश्वरी शाक्य, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य और भाभी राजो शाक्य की मौत हो गई है जबकि ऑटो ड्राइवर व दुल्हन की बहन भूरिया शाक्य की जान बच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मुर्गी दाने की बोरियां हटाकर उनके नीचे दबे लोगों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

आज होने वाला था दूल्हे की बहन का लगन

बताया गया है कि हादसे में बाल-बाल बची दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की आग लगुन होने वाली थी, लगुन की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और परिवार के सभी सदस्य दुल्हन सहित इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। हादसे में परिवार के चार सदस्यों को खोने के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और राजगढ़ गांव में मातम पसर गया है। थाना प्रभारी, सिरसौद मुकेश दुबोलिया ने बताया कि टोंगरा रोड पर पेट्रोल पंप के पास यह घटना हुई है। इसमें ट्रक ऑटो पर आकर पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं व एक पुरूष की मौत हुई है। सभी एक ही परिवार के लोग है। हमने आरोपी वाहन चालक पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak