khabar abhi tak

गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का हमला, एक दर्जन यात्री घायल, मची भगदड़

नरसिंहपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार 10 अप्रैल की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रियों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना उस समय हुई, जब रानीकमलापति-अधारताल (जबलपुर) इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ थी। इसी दौरान स्टेशन परिसर के पास बनी पानी की टंकी में लगे छत्तों से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकलकर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गईं और अचानक यात्रियों पर हमला कर दिया।

भगदड़ मची, प्लेटफॉर्म खाली कराया गया

मधुमक्खियों के हमले से प्लेटफॉर्म पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 1 को तुरंत खाली कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक यात्री पर एक साथ कई मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घबरा गया। घटना में घायल हुए करीब एक दर्जन यात्रियों को तुरंत गाडरवारा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

रेलवे की लापरवाही से घटना

घटना के बाद कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी और कुछ समय के लिए स्टेशन पर आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन परिसर में लंबे समय से मधुमक्खियों के छत्ते लगे थे, लेकिन रेलवे प्रशासन ने उन्हें हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। अब इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak