सांसद श्री दुबे ने आगे कहा कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र में हर वर्ष लगभग 60 हजार टन मटर का उत्पादन होता है। जबलपुर में सफल का नियमित और स्थाई खरीदी केंद्र तत्काल खोले जाने की जरूरत है ताकि क्षेत्र के हजारों किसानों को उनकी मटर की उपज का लाभाकारी मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जबलपुर दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी क्षेत्रों में से एक है जहां हर दिन लगभग 3 लाख लीटर से भी अधिक दूध का उत्पादन होता है लेकिन खाद्य डेयरी प्रसंस्करण की सुविधाओं की कमी के कारण जबलपुर के दुग्ध उत्पादन की क्षमता का वास्तविक उपयोग नहीं हो पा रहा है। सांसद श्री दुबे ने कहा कि जबलपुर में मदर डेयरी की खाद्य प्रसंस्करण यूनिट की स्थापना आवश्यक है जिससे संपूर्ण महाकौशल क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को तो लाभ मिलेगा ही वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे।