नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के इटारसी रोड स्थित गार्डन में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब 10 साल के बच्चे की कलाई पर बंधी स्मार्ट वॉच में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में वॉच पहनने वाले बालक का हाथ झुलस गया, जबकि पास बैठा उसका जुड़वां भाई भी इसकी चपेट में आ गया। घटना उस वक्त हुई है जब दोनों बच्चे परिजनों के साथ एक शादी समारोह में आए थे।
बताया गया है कि इटारसी रोड स्थित गार्डन में ग्राम चांदोन निवासी 10 वर्षीय जुड़वां भाई वेदांत चौधरी और सूर्यांश चौधरी शादी में शामिल होने आए थे। रात 11 बजे के लगभग दोनों भाई एक साथ बैठे हुए थे। इस दौरान वेदांत क ी कलाई में बंधी स्मार्ट वॉच में धीमा विस्फोट हुआ। स्मार्ट वॉच फटने से वेदांत के हाथ का हिस्सा झुलस गया। वहीं पास बैठे उसके भाई सूर्यांश का हाथ भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद घबराए परिजन तुरंत बच्चों के पास पहुंचे। परिजन दोनों बच्चों को लेकर रात करीब 1.30 बजे नर्मदा अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच कर उपचार किया। चोटें सामान्य होने के कारण इलाज के बाद दोनों को रात में ही घर भेज दिया गया।