khabar abhi tak

एमपी : वन स्टॉप सेंटर की दीवार फांदकर फुर्र हुई तीन नाबालिग बालिकाएं, तलाश में जुटी पुलिस

सतना। एमपी के सतना शहर के जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से 27 अप्रैल की देर रात तीन नाबालिग बालिकाएं खिड़की के रास्ते बाहर निकल कर कहीं चली गईं। घटना की जानकारी सोमवार 27 अप्रैल की सुबह सामने आने पर केंद्र प्रबंधन में हलचल मच गई। मामले की सूचना तत्काल सिटी कोतवाली थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था।

इनमें से एक बालिका उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जबकि अन्य दो सतना जिले के पौराणिक टोला और रामपुर बघेलान क्षेत्र से संबंधित हैं। बताया जा रहा है कि जिस डोरमेट्री में बालिकाएं ठहरी थीं, वहां की पीछे की खिड़की को क्षतिग्रस्त कर वे एक-एक कर बाहर निकलीं और परिसर से दूर चली गईं। केंद्र में सीसीटीवी कैमरे और मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मी की तैनाती होने के बावजूद, पीछे की ओर खुले मैदान की दिशा से निकलने की आशंका जताई जा रही है।

सीसीटीवी और परिजनों से ली जा रही मदद

घटना की सूचना मिलते ही अधीक्षिका द्वारा पुलिस को अवगत कराया गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सुराग जुटाने का प्रयास जारी है। पुलिस द्वारा बालिकाओं के परिजनों और परिचितों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि संभावित स्थानों की जानकारी मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी प्राथमिकता है और सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak