जबलपुर। जबलपुर के तिलवारा पुल पर दिल-दहलाने वाला घटनाक्रम सामने आया है, यहां पर पिकअप वाहन ने रात के वक्त बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे महिला उछलकर पुल से नीचे गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई, वहीं पति ने भी मौके पर ही दम तोड़ दी। हादसे में बेटे के शरीर पर गंभीर चोटें आई है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया है।
बताया गया है कि नारायण उर्फ बंटी केवट उम्र 30 वर्ष अपनी पत्नी शालिनी केवट 28 वर्ष व बेटा को मोटर साइकल में बिठाकर ससुराल से वापस अपने घर ओडिय़ा मोहल्ला माढ़ोताल के लिए निकले। जब वे तिलवारा पुल से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान पीछे से आए पिकअप वाहन ने बाइक को इतनी जोरों से टक्कर मारी कि पत्नी उछलकर पुल से गिरी जिससे उसकी मौत हो गई, वहीं पति नारायण व बेटे को वाहन से कुचल दिया, हादसे में नारायण ने भी मौके पर दम तोड़ दिया, बेटे को गंभीर चोटें आई। दुर्घटना होते देख पुल से गुजर रहे लोगों में चीख पुकार मच गई, देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिससे जाम के हालात निर्मित हो गए। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने एम्बुलेंस से मासूम बच्चे को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर बालक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही केवट परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए थे, जिनका रो-रो कर बुरा हाल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि पिकअप वाहन तेज गति से आया और बाइक को टक्कर मारकर भाग निकला। कुछ लोगों ने पीछा भी किया लेकिन वह बहुत दूर जा चुका था। पुलिस ने फरार हुए पिकअप वाहन के चालक की तलाश शुरु कर दी है।