बताया गया है कि शाम 6 बजे के लगभग रेलवे फाटक बंद होने का सायरन बजते ही एक ट्रक नंबर एमपी 09॥॥ 1791 जल्दी में फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह दोनों गेटों के बीच रेलवे ट्रैक पर आकर बंद हो गया। ट्रक चालक के बार-बार प्रयास करने के बावजूद वाहन स्टार्ट नहीं हो सका। इसी बीच, दमोह की ओर से एक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ रही थी। ट्रैक पर खड़े ट्रक को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मालगाड़ी चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत सतर्कता बरती और ट्रेन की गति धीमी कर दी। गेटमैन और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। उन्होंने एक अन्य ट्रक की मदद से बंद पड़े ट्रक को धक्का लगाकर रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला। इसके बाद फाटक को पूरी तरह बंद किया गया और मालगाड़ी को सुरक्षित आगे बढ़ाया गया।