जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए एक बोलेरो से बीयर जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है जो अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे थे। गढ़ा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी, जिसका पासिंग नंबर एमपी 13 है, उसमें अवैध रूप से शराब लोड कर त्रिपुरी चौक से देवताल की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल देवताल रामायण मंदिर के पास नाकाबंदी की। कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 13 जेड व्ही 0368 वहां से गुजरती हुई दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर सुरक्षित तरीके से रोक लिया गया।
बोलेरो की तलाशी में मिली 6 पेटी बीयर
वाहन को रोकने के बाद पुलिस ने उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम अमन सोनी उम्र 26 वर्ष निवासी शीतलामाई घमापुर और उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अर्जुन सोनी उम्र 33 वर्ष निवासी ककरैया तलैया गोरखपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर 6 पेटी रखी मिलीं, जिनमें कुल 72 बॉटल बीयर भरी हुई थी। बरामद की गई शराब की कुल कीमत लगभग 46800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और परिवहन में उपयोग की जा रही बोलेरो को तुरंत जब्त कर लिया।
गद्दीदार-मैनेजर से पूछताछ होगी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह बीयर त्रिपुरी शराब दुकान से प्राप्त की थी। इस स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच के दौरान त्रिपुरी शराब दुकान के गद्दीदार और मैनेजर से भी इस संबंध में विस्तृत पूछताछ कर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस पूरी कार्यवाही में योगेन्द्र सिंह, नीरज, शैलेन्द्र पाटकर, पूनम दुबे और राजेश्वर मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
