पुलिस के अनुसार तेंदूखेड़ा के ग्राम सहरी में हल्लीबाई उम्र 60 वष्ज्र्ञ अपने बेटे संतोष के साथ कच्चे मकान में रहती है। बीती रात एक बजे के लगभग घर में अचानक आग लग गई। घर से उठ रही आग की लपटें देख आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी। खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना में पूरा घर खाक हो गया। आज सुबह जब पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटवाया तो उसमें महिला हल्लीबाई की लाश मिली। हल्लीबाई का मुंह व हाथ बंधे हुए थे, जिससे पुलिस स्तब्ध रह गई। पुलिस का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला के हाथ व मुंह क्लच वायर से बांधकर जिंदा जलाया गया है। महिला के शरीर पर लगी आग से पूरा घर चपेट में आ गया।
बेटे ने नही की मां को बचाने की कोशिश-
घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं व्यापत है। कहा जा रहा है कि घर के अंदर सिर्फ मां और बेटा ही मौजूद थे। आग लगने की जानकारी भी बेटे ने ही दी, बेटा सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन मां को बचाने की कोशिश नहीं की। वहीं दूसरी ओर महिला के हाथ व मुंह क्लच वायर से बंधे होने से शक और गहरा गया है। पुलिस ने मामले में बेटे संतोष से पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।