जबलपुर । अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमखेरा में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 49 वर्षीय अमित कुमार खरे अमखेरा पेट्रोल पंप के पास रहते हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं। घटना के समय वह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। जब वह पैदल चलते हुए अमखेरा पुरानी बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद आनंद कोरी ने उन्हें रोक लिया। आरोपी आनंद कोरी उस समय नशे की हालत में था और उसने अधिवक्ता से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। अमित कुमार खरे द्वारा आर्थिक मांग पूरी करने से स्पष्ट मना करने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और अभद्र व्यवहार करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अधिवक्ता के साथ झूमाझपटी शुरू कर दी और उन पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से भाग निकला। पीड़ित की शिकायत पर अधारताल थाना पुलिस ने आरोपी आनंद कोरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 119(1) और 351(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
