भोपाल. राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर 4 बदमाशों ने एक युवक को पहले जमकर पीटा. इससे भी मन नहीं भरा तो उसके कपड़े उतारे और नंगा करके डंडों से पीटा. युवक रहम की भीख मांगता रहा. लेकिन बदमाशों पर कोई असर नहीं हुआ.
भोपाल के शबरी नगर निवासी 25 वर्षीय युवक यशवंत सोमवार शाम अपने घर के पास घूम रहा था. इसी दौरान इलाके के 4 अपराधी किस्म के लोग गट्टू, प्रेम, रोहित और दिव्यांश ने उसे घेर लिया. बदमाशों ने आरोप लगाया कि वह उनके विरोधी अनिकेत से मिला हुआ है. हालांकि युवक ने सफाई दी. लेकिन बदमाशों को उसकी सफाई पसंद नहीं आई. बदमाशों ने युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. डंडों से मारपीट की गई. दो बदमाशों ने जेब से चाकू निकाले और युवक पर टूट पड़े.
इस दौरान युवक को नग्न कर दिया गया. पिटाई से कराहते युवक पर चाकुओं से हमला किया. इससे युवक लहूलुहान हो गया. पीडि़त युवक का आरोप है कि खून से लथपथ होने के बाद चारों ने बदमाशों ने उसके ऊपर पेशाब की. जब मौके पर भीड़ बढऩे लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने पीडि़त की शिकायत और बयानों के आधार पर चारों बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला, अभद्र व्यवहार और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
पीडि़त यशवंत ने बताया कि, शक के आधार पर बदमाशों ने मेरी पिटाई की. मैं बदमाशों से छोडऩे की गुहार लगाता रहा, लेकिन बदमाशों को रहम नहीं आया और वह लगातार बेल्ट, चप्पल, हाथों से मारते रहे. इतना ही नहीं बदमाशों ने छुरी से भी वार किया. पीडि़त ने अभी भी अपनी जान को खतरा बताया है. उसने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
पुलिस बोली- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदोरिया ने बताया दोनों ही पक्ष कमला नगर थाना इलाके के हैं. पुलिस ने आरोपियों पर अभद्र व्यवहार, जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई हैं. आरोपियों का सुराग लग चुके हैं. जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा, क्योंकि मामला छोला इलाके के भानपुर का है लेकिन हनुमानगंज थाना पुलिस उसकी विवेचना कर रही है. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
