पुलिस के अनुसार दौलत सिलावट अपनी पत्नी सपना सिलावट, तीन साल बेटी सिद्धी व नीरज सिलावट के साथ बगासपुर अपनी ससुराल गए थे, जहां से दोपहर के वक्त अपने घर गोटेगांव के लिए निकले। इस दौरान सामने से आ रही कासिम खान की बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दौलत सिलावट और कासिम खान की मौत हो गई। हादसे में सपना सिलावट, मासूम सिद्धी और नीरज सिलावट गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल गोटेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान तीन साल की सिद्धी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं सपना और नीरज सिलावट का जबलपुर में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।