जबलपुर। शहर में सायबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है जिसमें एक व्यापारी के मोबाइल फोन को हैक कर उनके बैंक खाते से लाखों की राशि पार कर दी गई। कोतवाली थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तुलसी नगर निवासी पंकज जैन करमचंद चौक के पास क्लासिक मार्केटिंग के नाम से गद्दों का व्यापार करते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 27 मार्च से उनके मोबाइल फोन में तकनीकी समस्या आने लगी थी। मोबाइल की स्क्रीन बार-बार काली हो रही थी और डिवाइस लगातार अपडेट की मांग कर रहा था। इस दौरान मोबाइल के बटन भी सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे। व्यापारी ने तकनीकी समस्या समझकर फोन को कुछ समय के लिए अलग रख दिया और अपने व्यावसायिक कार्यों में व्यस्त हो गए। इसी बीच सायबर अपराधियों ने उनके फोन का रिमोट एक्सेस प्राप्त कर बैंक संबंधी जानकारियों में सेंध लगा दी।
खाते से पांच किस्तों में निकाली गई बड़ी रकम
जब 29 मार्च को पंकज जैन ने अपना मोबाइल फोन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। बैंक से आए संदेशों के माध्यम से उन्हें पता चला कि उनके खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन हुए हैं। इन किस्तों में कुल 2 लाख 8 हजार रुपए की राशि अज्ञात खाते में स्थानांतरित की गई थी। व्यापारी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह से डिवाइस हैकिंग का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसमें अपडेट के नाम पर कोई मालवेयर फोन में इंस्टॉल करवाया गया होगा। फिलहाल पुलिस ट्रांजैक्शन विवरण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन और बैंक खातों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। शहर में इस तरह की घटना के बाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपने मोबाइल के व्यवहार में बदलाव दिखने पर तुरंत सतर्क होने की सलाह दी है।
