सफाई कर्मियों को नहीं मिल रही पूरी मजदूरी, विनय सक्सेना ने खोला मोर्चा
जबलपुर। नगर निगम में आज मंगलवार को पूर्व विधायक विनय सक्सेना के नेतृत्व में सफाई और आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया गया। विनय सक्सेना अपने समर्थकों के साथ जनसुनवाई कक्ष पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। उन्होंने निगम प्रशासन पर आरोप लगाया कि अफसरों और ठेकेदारों की आपसी साठगांठ के कारण श्रमिकों का शारीरिक और आर्थिक शोषण किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, वे वहां से नहीं हटेंगे। इस दौरान नगर निगम आयुक्त के नाम एक सात सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा गया।
श्रम कानूनों के उल्लंघन और वेतन विसंगति का मामला
सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया कि ठेका पद्धति पर कार्यरत सफाई कर्मियों को तय नियमों के अनुसार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्हें कार्य के लिए आवश्यक संसाधन जैसे झाड़ू, दस्ताने, मास्क और जूते तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। सबसे गंभीर विषय वेतन विसंगति का है, जहां कलेक्टर गाइडलाइन और श्रम कानूनों को दरकिनार कर कर्मचारियों को मात्र 250 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा पीएफ और बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी इन श्रमिकों तक नहीं पहुंच रहा है। गढ़ा क्षेत्र के एक युवा का उदाहरण देते हुए बताया गया कि वह डेढ़ साल से भुगतान के लिए भटक रहा है।
अफसरों ने दिया का आश्वासन,कांग्रेस ने दी चेतावनी
विनय सक्सेना ने जानकारी दी कि नगर निगम से ठेकेदार को पूरे 30 दिन का भुगतान मिलता है, लेकिन कर्मचारियों को केवल 26 दिन का वेतन दिया जा रहा है। निगम प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर जांच पूरी करने और सभी खामियों को सुधारने का भरोसा दिलाया है। पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति नहीं मिली, तो इस आंदोलन को भोपाल और दिल्ली तक ले जाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान राजेंद्र सराफ रज्जू, संजय उपाध्याय, सिद्धांत जैन गोलू, मेवालाल पटैल, सौरभ रैकवार, अल्केश गुप्ता, एड. आकाश तिवारी, राजेन्द्र ठाकुर रंजीत, केशव नारायण कोरी, राकेश चौधरी, दिलीप चमकेल, सुरेंद्र तिवारी, सुशिम धर, एड. मुहम्मद अल्तमश, सुदीश साहू, अरविन्द तिवारी, कलीम खान, लतीफ अंसारी, जाकिर खान, अमित नामदेव, प्रमोद जायसवाल, रवि, गणेश और राजू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
