मौसम विशेषज्ञों की माने तो आज जबलपुर में तापमान 43 डिग्री के पार चला गया, दोपहर के वक्त तेज धूप के कारण हीटवेव की स्थिति बनी रही। बुधवार को तापमान 40 से 41 डिग्री व आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। गुरुवार को तापमान 42 डिग्री के साथ हल्के बादल दिख सकते हैं, जबकि शुक्रवार को तापमान 43डिग्री तक पहुंचने के साथ गर्मी में फिर बढ़ोतरी होगी। मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन फिलहाल तेज गर्मी से बड़ी राहत की उम्मीद कम है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा जो महीने के अंतिम सप्ताह में बढ़कर 44 तक पहुंच गया है। इस तरह लगभग 5-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस साल अलनीनो प्रभाव के कारण तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे लू के दिनों में वृद्धि हुई है और बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं। देश के कई हिस्सों की तरह मध्य प्रदेश में भी हीटवेव की स्थिति इसी कारण मजबूत बनी हुई है। जबलपुर में फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत के कोई संकेत नहीं हैं। अलनीनो के प्रभाव के कारण इस साल अप्रैल के अंत में ही मई जैसी भीषण गर्मी महसूस हो रही है।
Tags
jabalpur