पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थों को साफ तौर पर कहा है कि शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि बारात के दौरान सड़क पर नाचते हुए यातायात बाधित किया गया, तो मौके पर पहुंचकर पुलिस कार्रवाई करेगी। देखने में यही आता है कि बारात के दौरान सड़कों पर नाच-गाना चलते हुए ट्रैफिक रुक जाता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी जगह जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर सबसे पहले वीडियोग्राफी करेगी। साक्ष्य जुटाने के बाद संबंधित आयोजकों और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मैरिज गार्डन, बारात घर और होटल संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे बारातियों को पहले से ही समझाएं कि उत्साह में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सड़क पर वाहन खड़े कर जाम की स्थिति न बने। आयोजनकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि आने वाले मेहमानों के वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था रहे।