जबलपुर। राज्य शासन की समाधान योजना के तहत बकाया बिजली बिल की राशि किस्तों में जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जबलपुर शहर में हजारों उपभोक्ताओं ने एकमुश्त भुगतान के बजाय 6 किस्तों में राशि चुकाने का विकल्प चुना था। वर्तमान में विभाग ऐसे उपभोक्ताओं पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहा है जो नियमित किस्तों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। बिजली विभाग की टीमें अब सीधे उपभोक्ताओं के परिसर में दस्तक देकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने और बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
किस्तों का भुगतान न करने पर रद्द हो जाएगी पात्रता
समाधान योजना के तहत जबलपुर शहर के 16111 उपभोक्ताओं ने 6 किस्तों में भुगतान के विकल्प के साथ पंजीकरण कराया था। योजना के 5 माह बीतने के बाद किए गए आकलन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इनमें से 3717 उपभोक्ता ऐसे पाए गए हैं जिन्होंने लगातार 2 किस्तों का भुगतान नियत समय पर नहीं किया। नियमानुसार लगातार 2 किस्तों का भुगतान न करने के कारण ये उपभोक्ता योजना के अंतर्गत मिलने वाली छूट की पात्रता से बाहर हो गए हैं। विभाग अब शेष उपभोक्ताओं को इस स्थिति से बचाने के लिए सतर्क कर रहा है।
30 तारीख तक चलेगा सघन जनसंपर्क अभियान
विभाग की समीक्षा में यह बात सामने आई है कि वर्तमान में 6127 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने यदि इस माह अपनी किस्तों का भुगतान नहीं किया तो वे भी योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे। इस स्थिति को देखते हुए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार से एक विशेष अभियान शुरू किया है जो आगामी 30 तारीख तक जारी रहेगा। इसके तहत सोमवार को टीम ने 708 उपभोक्ताओं से संपर्क किया और उनसे बकाया किस्तों के रूप में लगभग 8 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई है।
उपभोक्ताओं को छूट का लाभ दिलाने की कवायद
विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन उपभोक्ताओं ने किस्तों का विकल्प चुना है वे अपनी पात्रता न खोएं। यदि उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं करते हैं तो उन्हें दी गई सरचार्ज और मूल राशि की छूट समाप्त हो जाएगी और उन्हें पूरी राशि चुकानी होगी। विभाग की टीमें उपभोक्ताओं को यह समझाने का प्रयास कर रही हैं कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपनी किस्तों का निपटान करें ताकि शासन की इस लाभकारी योजना का पूर्ण लाभ उन्हें मिल सके।
हमारी टीमें फील्ड पर एक्टिव:संजय अरोरा
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि विभाग की टीमें उन उपभोक्ताओं को चिन्हित कर रही हैं जिनकी किस्तें बकाया हैं। सोमवार से 30 तारीख तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता बचाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सोमवार को 708 लोगों से 8 लाख रुपये की वसूली की गई है। लक्ष्य यह है कि 6127 उपभोक्ता जो वर्तमान में पात्रता खोने की कगार पर हैं उन्हें योजना के दायरे में बनाए रखा जाए।
