टीकमगढ़. एमपी के टीकमगढ़ जिले के बैरवार गांव में रविवार 12 अप्रैल को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया। यहां एक युवती अपने प्रेमी से चार दिन से बात न होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
बताया जाता है कि सुबह करीब 5 बजे युवती के टावर पर चढऩे और चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही जतारा पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंच गए।
युवती करीब चार घंटे तक टावर पर चढ़ी रही और लगातार अपने प्रेमी का नाम लेकर बुला रही थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। प्रशासन के आश्वासन और प्रेमी के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस की समझाइश पर युवती टावर से नीचे उतरी।
चार दिन से रुठा था प्रेमी
गांव के बृजेंद्र यादव ने बताया कि युवती का प्रेमी पिछले चार दिन से उससे रुठा था। वो उससे बात नहीं कर रहा था, जिससे वह नाराज थी। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं और शादी करना चाहते हैं, लेकिन सामाजिक बंधनों के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस दोनों को जतारा थाने ले गई। जतारा पुलिस का कहना है कि दोनों को समझाने के लिए थाने लाया गया है, जहां वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
