जबलपुर। जबलपुर सायबर पुलिस ने ऑपरेशन F.A.C.E. के माध्यम से फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट करने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत शुरू हुए इस अभियान में जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह ने तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए थे। इसके बाद उप पुलिस अधीक्षक सायबर अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
सिवनी का आरोपी गिरफ्तार और 63 फर्जी सिम बरामद
सायबर सेल की टीम ने तकनीक का उपयोग करते हुए FACE 01 को आइडेंटिफाई किया और थाना अपराध में अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय दंड विधान की धारा 419, 420, 34 के साथ ही आईटी एक्ट की धारा 66 सी और दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3) (6) को शामिल किया गया है। पुलिस ने ग्राम बम्होडी मेहता जिला सिवनी निवासी अंबेश झारिया को 01.04.2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2019 में पैसों के लालच में अपने साथी के साथ मिलकर विभिन्न आधार कार्डों पर अपनी ही फोटो लगाकर 63 सिम कार्ड फर्जी तरीके से चालू कराए थे। इसमें VI कंपनी के 16 और AIRTEL के 47 सिम कार्ड शामिल हैं।
पुलिस टीम की भूमिका और आमजन के लिए चेतावनी
इस पूरी कार्यवाही में सायबर सेल निरीक्षक अनूप नामदेव, निरीक्षक भूपेंद्र आर्माे, उप निरीक्षक नीरज नेगी, उप निरीक्षक आशुतोष मिश्रा और उप निरीक्षक कपिल शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में आरक्षक मनोज चौधरी, जितेंद्र राऊत, महिला आरक्षक रक्षा साहू के अलावा क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक दिलीप तिवारी, मनीष सिंह और महिला आरक्षक नीलम तिवारी भी शामिल रहे। जबलपुर पुलिस ने जनता को जागरूक करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार के उपहार या नकद राशि के लालच में आकर अपना आधार कार्ड या फोटो किसी को न दें। रिश्तेदारों या परिचितों को भी बिना सोचे-समझे सिम कार्ड देना जोखिम भरा हो सकता है। किसी भी सायबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 7701050010 या 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।
