जबलपुर। मदन महल लिंक रोड क्षेत्र में स्थित एक शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की चर्चाओं ने तूल पकड़ लिया है। इस संभावित बदलाव के खिलाफ स्थानीय व्यापारियों और छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। विरोध स्वरूप कमला नेहरू नगर व्यापारी संघ, कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थी, शिक्षक और क्षेत्र के नागरिकों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर से मुलाकात की। प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान को जेडीए परिसर की 11 नंबर स्कीम में शिफ्ट करने की योजना है, जो पुलिस चौकी के ठीक नीचे स्थित है। इस खबर के फैलते ही क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीएम को जांच के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय निवासी पहले भी कर चुके हैं विरोध
व्यापारी संघ के अनुसार इस दुकान को लेकर पहले भी कई बार विरोध जताया जा चुका है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि इसे किसी भी स्थिति में दुकान या पुलिस चौकी के पास जैसे संवेदनशील स्थानों पर नहीं भेजा जाना चाहिए। हालांकि आबकारी विभाग के अधिकारी डीसी चतुर्वेदी ने स्थानांतरण की खबरों को भ्रामक बताया है, लेकिन स्थानीय लोग शराब दुकान के एक कर्मचारी के बयान के बाद से आशंकित हैं। क्षेत्रवासी अब प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
