khabar abhi tak

मदन महल क्षेत्र में लाड़ली पथ पर शराब दुकान खोलने पर भड़के लोग, आधी रात को मचा बवाल, दुकान सील

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित मदन महल क्षेत्र में लाड़ली पथ पर नई शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का आधी रात को दमकर आक्रोश गुस्सा फूट पड़ा। 1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही दुकानों की शिफ्टिंग के बीच मदन महल लिंक रोड (लाड़ली पथ) पर प्रस्तावित दुकान का लोगों ने देर रात विरोध किया।

गुस्साए लोगों ने कर्मचारियों को वहां से भगा दिया और दुकान न खुलने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया।

आधी रात शिफ्टिंग, लोगों ने खदेड़े कर्मचारी

बताया जा रहा है कि पुरानी शराब दुकान को करीब आधा किलोमीटर दूर उस स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था, जहां पहले कोचिंग सेंटर संचालित होता था। रात करीब 12 बजे शिफ्टिंग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।

लाड़ली पथ को शराब पथ बना रहे

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह बेहद शर्मनाक है कि जिस सड़क को कुछ दिन पहले ही लाड़ली पथ के रूप में विकसित करने की बात कही गई, उसी पर अब शराब दुकान खोली जा रही है। जब इसकी जानकारी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचेगी, तो इसका क्या संदेश जाएगा? भूमाफिया और शराब माफिया मिलकर लाड़ली पथ को शराब पथ बनाने में लगे हैं। यह इलाके के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया और शराब माफिया मिलकर इस इलाके का माहौल खराब कर रहे हैं। लोगों ने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर यहां दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

पुलिस-आबकारी पहुंची, दुकान सील

विरोध बढ़ता देख पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सहायक आबकारी अधिकारी डीसी चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है और कलेक्टर के आदेश के बाद ही आगे निर्णय लिया जाएगा कि दुकान कहां संचालित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak