khabar abhi tak

एमपी : कटनी में महिला से एंबुलेंस साफ कराने पर दो कर्मचारी बर्खास्त, पायलट और ईएमटी की सेवाएं समाप्त

कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी जिला अस्पताल परिसर में एक महिला से एम्बुलेंस साफ कराने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग की अनुशंसा पर संबंधित एजेंसी ने एम्बुलेंस के पायलट और ईएमटी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया है।

घटना बीते शुक्रवार की है। उमरिया-बरही रोड स्थित खितौली के पास एक अज्ञात वाहन ने करेला ग्राम निवासी 32 वर्षीय राहुल बर्मन को टक्कर मार दी थी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें डायल 112 की मदद से पहले बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।

मरीज की पत्नी से कराया था एंबुलेंस साफ

बरही से कटनी लाते समय मरीज राहुल ने अत्यधिक पीड़ा और चोट के कारण एम्बुलेंस की खिड़की से उल्टी कर दी थी। आरोप है कि एम्बुलेंस (क्रमांक सीजी 04 एनवी 6385) के जिला अस्पताल पहुंचते ही, वहां तैनात ईएमटी मोहित खटीक ने मरीज की पत्नी पर एम्बुलेंस साफ करने का दबाव डाला। महिला को विवश होकर एम्बुलेंस में पानी डालकर सफाई करनी पड़ी।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

इस घटना का वीडियो 25 अप्रैल को सामने आया, जिससे स्वास्थ्य विभाग की छवि पर सवाल उठे। वीडियो संज्ञान में आने के दो दिन बाद मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राज सिंह ठाकुर ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में दोषी पाए जाने पर जे.ए.ई.एस. प्रोजेक्ट्स प्रा. लिमिटेड कंपनी ने अपने दो कर्मचारियों-पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक-की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak