khabar abhi tak

जबलपुर:वकील पर उसके ही साथी ने चलाये दनादन चाकू, देखें वीडियो


इस भीषण हमले में अधिवक्ता के कान और गले पर गंभीर घाव आए हैं, साथ ही उनके हाथ पर भी गहरी चोटें लगीं

जबलपुर।  जिला न्यायालय के गेट नंबर 4 पर मंगलवार शाम को एक सनसनीखेज वारदात घटित हुई। शाम लगभग 6 बजे कोर्ट परिसर के प्रवेश द्वार पर अधिवक्ता रामलाल रजक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। जानकारी के अनुसार हमलावर की पहचान राकेश महोबिया के रूप में हुई है, जो स्वयं एक नॉन प्रैक्टिशनर अधिवक्ता बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पूरी तैयारी के साथ रामलाल रजक को निशाना बनाया और उन पर चाकुओं से कई वार किए। इस भीषण हमले में अधिवक्ता के कान और गले पर गंभीर घाव आए हैं, साथ ही उनके हाथ पर भी गहरी चोटें लगी हैं।

​सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,आक्रोश

​वारदात के समय न्यायालय परिसर में मौजूद अन्य लोग और अधिवक्ता इस आकस्मिक हमले को देख दंग रह गए। अचानक हुए इस खूनी संघर्ष के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया है कि घटना के वक्त गेट पर पुलिस बल की मौजूदगी नहीं थी, जिसका लाभ उठाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए तत्काल ले जाया गया, वहीं इस मामले की लिखित शिकायत ओमती थाने में दर्ज कराई गई है। वकीलों के बीच इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है क्योंकि कोर्ट परिसर जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर एक अधिवक्ता की जान लेने की कोशिश की गई। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak